हैदराबाद, सात अप्रैल (भाषा) हैदराबाद हवाई अड्डे के एयरोब्रिज की छत से धातु का एक बड़ा हिस्सा एयर इंडिया एक्सप्रेस यात्री के सिर पर गिर गया, जिससे उसे आंतरिक चोट आईं।
काम के सिलसिले में भारत आए अमेरिकी नागरिक दीपक अडोनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह रविवार दोपहर बेंगलुरु से आए विमान से उतरने वाले शुरुआती कुछ यात्रियों में शामिल थे।
अडोनी (63) ने सोमवार को कहा, ‘मैंने कुछ कदम ही बढ़ाए थे कि भारी पैनल मेरे सिर पर गिर गया, और मैंने सहज रूप से खुद को संभालने के लिए रेलिंग को पकड़ लिया, मुझे पता नहीं था कि मुझ पर क्या गिरा है।’
उन्होंने बताया कि उनके पीछे मौजूद एक युवती ज़ैनब सैयद, उनकी मदद के लिए दौड़ी और जब वह एयरोब्रिज की दीवार पर झुक गए तो उसने मदद की गुहार लगाई।
लगभग 30 मिनट बाद मदद मिली और अडोनी को एम्बुलेंस में अपोलो अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सीटी स्कैन रिपोर्ट में पता चला कि उसकी गर्दन की हड्डी (रीढ़) में काफी घिसाव है, कई जगह डिस्क उभरी हुई हैं और सिर में हल्की चोट लगी है। यह स्पष्ट नहीं है कि रीढ़ की हड्डी की समस्या पहले से मौजूद थी या घटना के कारण हुई।
अडोनी ने अपोलो अस्पताल में भर्ती प्रक्रिया के दौरान कहा, ‘शुरुआत में मैं ठीक था, लेकिन 30 मिनट के अंदर मुझे चक्कर आने लगे, और वास्तव में, मैं हकलाने लगा और अपना नाम भी भूल गया।’
लगभग चार दशक पहले अमेरिका जाने से पहले मूल रूप से तेलंगाना के निवासी अडोनी ने कहा कि सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने तक एक हवाई अड्डे का अधिकारी रात भर उनके साथ अस्पताल में रहा।
हवाई अड्डे के अधिकारियों और आपातकालीन चिकित्सा दल ने तुरंत यात्री अडोनी की सहायता की। बयान में कहा गया है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां एमआरआई समेत उनकी व्यापक चिकित्सा जांच की गई।
अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में उन्हें कोई गंभीर या महत्वपूर्ण चोट नहीं आई है। सभी आवश्यक जांच पूरी करने के बाद, उन्हें चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ घोषित करके छुट्टी दे दी गई।
भाषा तान्या जोहेब
जोहेब