काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक शिकारी मारा गया
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक शिकारी मारा गया
गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (भाषा) असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात वन रक्षकों के साथ मुठभेड़ के दौरान एक संदिग्ध शिकारी मारा गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पार्क के अंदर सशस्त्र शिकारियों की गतिविधि के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर, सभी शिकार-रोधी शिविरों को तलाशी लेने तथा संभावित निकास मार्गों को सील करने के लिए सतर्क कर दिया गया था।
देर रात लगभग 2.50 बजे, बूड़ापहाड़ रेंज के एक नदी गश्ती दल ने मैते टापू में सशस्त्र शिकारियों के एक समूह की गतिविधि देखी।
अधिकारी ने कहा, ‘जब उन्हें रुकने के लिए कहा गया, तो हथियारबंद शिकारियों ने वन टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा में नियंत्रित गोलीबारी से जवाबी कार्रवाई की।’
अतिरिक्त वन कर्मियों को मौके पर भेजा गया और इलाके की गहन तलाशी के दौरान एक शिकारी का शव बरामद हुआ।
मौके से भागने में कामयाब रहे उसके साथियों को पकड़ने के लिए आगे की तलाशी जारी है।
शिकारी के शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
अधिकारी ने बताया कि वन कर्मियों ने घटनास्थल से .303 राइफल और एक हैंडबैग बरामद किया है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


