सांपला ने बहबल कलां गोलीबारी मामले में एसआईटी के समक्ष पेश होने के लिए नयी तारीख मांगी

सांपला ने बहबल कलां गोलीबारी मामले में एसआईटी के समक्ष पेश होने के लिए नयी तारीख मांगी

सांपला ने बहबल कलां गोलीबारी मामले में एसआईटी के समक्ष पेश होने के लिए नयी तारीख मांगी
Modified Date: August 25, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: August 25, 2026 3:07 pm IST

होशियारपुर (पंजाब), 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार सांपला ने मंगलवार को 2015 के बहबल कलां पुलिस गोलीबारी मामले की जांच कर रही पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के सामने पेश होने के लिए नयी तारीख तय करने का अनुरोध किया।

यहां मॉडल टाउन थाने की एक पुलिस टीम ने उन्हें 27 अगस्त को चंडीगढ़ में एसआईटी के सामने पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया था। यह पूछताछ फरीदकोट जिले में 2015 में दर्ज मामले के संबंध में होनी थी।

सांपला ने लिखित जवाब में कहा कि 27 अगस्त को उनकी पार्टी की बैठकें और कार्यक्रम पहले से तय हैं और इसलिए वह उस दिन एसआईटी के सामने पेश नहीं हो पाएंगे।

उन्होंने जांच टीम से सितंबर में कोई दूसरी तारीख देने का अनुरोध किया।

सांपला ने जांच से जुड़े दस्तावेजों की प्रतियां देने की अपनी मांग भी दोहराई।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी एसआईटी ने उन्हें बुलाया था, लेकिन पूछताछ के दौरान जिन दस्तावेजों का जिक्र किया गया था, उनकी प्रतियां उन्हें नहीं दी गईं।

उन्होंने कहा कि वह संबंधित दस्तावेजों को देखना चाहते हैं, ताकि मामले को पूरी तरह समझकर जांच में सहयोग कर सकें।

सांपला ने यह आरोप भी लगाया कि पंजाब में भाजपा नेताओं को “परेशान” किया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्हें बेवजह मामले में फंसाया जा रहा है।

अक्टूबर 2015 में फरीदकोट में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुए थे, जिसके बाद प्रदर्शनकारी लोगों पर पुलिस की गोलीबारी के दौरान बहबल कलां में दो लोगों गुरजीत सिंह और कृष्ण भगवान सिंह की मौत हो गई थी जबकि फरीदकोट के कोटकपुरा में कुछ अन्य लोग घायल हुए थे।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में