मध्य दिल्ली में जर्जर इमारत का एक हिस्सा ढहा, कोई हताहत नहीं

मध्य दिल्ली में जर्जर इमारत का एक हिस्सा ढहा, कोई हताहत नहीं

मध्य दिल्ली में जर्जर इमारत का एक हिस्सा ढहा, कोई हताहत नहीं
Modified Date: August 9, 2026 / 08:40 pm IST
Published Date: August 9, 2026 8:40 pm IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) मध्य दिल्ली के कूचा चालान इलाके में रविवार शाम एक पुरानी और जर्जर इमारत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में पास का एक बिजली का खंभा और तार भी नीचे आ गिरे। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना चांदनी महल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कूचा चालान में शाम करीब पांच बजे हुई।

पुलिस के अनुसार, इमारत की ऊपरी मंजिल की सीढ़ी का एक हिस्सा गिरकर पहली मंजिल पर आ गया। इसके बाद मलबा पास की बिजली के तारों पर जा गिरा, जिससे पास में लगा एक बिजली का खंभा टूट गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘बिजली के तार नीचे आने के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।’

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि यह इमारत काफी पुरानी और जर्जर है। भूतल पर संचालित हो रही दो दुकानों को छोड़कर इमारत फिलहाल पूरी तरह खाली थी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थानीय लोगों को वहां से हटा दिया गया।

हादसे के तुरंत बाद बीएसईएस और दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिजली के बुनियादी ढांचे को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने के लिए मरम्मत का काम जारी है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में