‘आप’ पार्षद निगम बैठक के दौरान व्यावसायियों के कल्याण से संबंधित चार प्रस्ताव लाएंगे : पार्टी

Ads

‘आप’ पार्षद निगम बैठक के दौरान व्यावसायियों के कल्याण से संबंधित चार प्रस्ताव लाएंगे : पार्टी

  •  
  • Publish Date - March 27, 2023 / 05:47 PM IST,
    Updated On - March 27, 2023 / 05:47 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दुर्गेश पाठक ने सोमवार को घोषणा की कि बजट पर चर्चा के लिए दिल्ली नगर निगम की विशेष बैठक में उनके पार्षद व्यावसायियों के कल्याण से संबंधित चार प्रस्ताव पेश करेंगे।

मंगलवार को एमसीडी मुख्यालय में विशेष बैठक बुलाई गई है।

पाठक ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि ‘आप’ पार्षदों द्वारा चार प्रस्ताव लाए जाएंगे। उन्होंने भाजपा सदस्यों से इन प्रस्तावों का समर्थन करने का आग्रह किया।

स्थानीय शॉपिंग सेंटर की सीलिंग के मामले को देखने के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त न्यायिक समिति के समक्ष एमसीडी का पक्ष रखने के संबंध में ‘आप’ पार्षद प्रवीण कुमार और सुनील चड्ढा द्वारा एक प्रस्ताव लाया जाएगा।

वहीं, दूसरा प्रस्ताव रविंदर भारद्वाज और रेखा रानी द्वारा लाया जाएगा।

पाठक ने कहा, ‘‘व्यापारियों को ‘कन्वर्जन चार्ज’ से संबंधित कई नोटिस मिल रहे हैं। प्रस्ताव किया जाएगा कि व्यापारियों को ‘कन्वर्जन चार्ज’ को लेकर कोई और नोटिस नहीं भेजा जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि प्रेम चौहान और देवेंद्र कुमार एक और प्रस्ताव लाएंगे, जिसमें प्रस्ताव होगा कि जिन व्यापारियों को नोटिस मिला है, उन्हें दंडित नहीं किया जाएगा।

पाठक ने कहा कि चौथा प्रस्ताव एमसीडी में नेता सदन मुकेश गोयल और मोहिनी जीनवाल द्वारा लाया जाएगा, जिसमें स्थानीय शॉपिंग सेंटर और कमर्शियल शॉपिंग सेंटर को नोटिस नहीं भेजे जाने का प्रस्ताव किया जाएगा।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश