(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, पांच मई (भाषा) पाकिस्तानी नौसेना ने अरब सागर में फंसे एक भारतीय पोत के चालक दल को मानवीय सहायता प्रदान की। एक मीडिया खबर में यह जानकारी दी गई।
समाचारपत्र ‘डॉन’ ने सोमवार को प्रकाशित अपनी एक खबर में सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया कि बचाव और सहायता अभियान में नौसेना की सहायता पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने की।
खबर में कहा गया कि मुंबई स्थित समुद्री बचाव एवं समन्वय केंद्र ने पाकिस्तानी प्राधिकारियों से संपर्क कर सहायता का अनुरोध किया था जिसके बाद चालक दल की सहायता के लिए अभियान शुरू किया गया।
इस चालक दल में छह भारतीय और एक इंडोनेशियाई नागरिक शामिल थे।
सूत्रों ने बताया कि ओमान से भारत जा रहे एम.वी. गौतम नामक पोत के चालक दल ने तकनीकी खराबी की सूचना दी।
खबर में कहा गया है कि फंसे हुए चालक दल को भोजन, चिकित्सा और तकनीकी सहित आपात सहायता प्रदान की गई।
पिछले महीने अरब सागर में संकट के संबंध में सूचना मिलने के बाद पाकिस्तानी नौसेना ने एक व्यापारिक पोत से विदेशी नागरिकों सहित चालक दल के 18 सदस्यों को बचाया था।
भाषा यासिर शोभना
शोभना