आस्था कुंज कांड: दिल्ली पुलिस आयुक्त का पार्कों में साइकिल से गश्त फिर से शुरू करने का निर्देश

Ads

आस्था कुंज कांड: दिल्ली पुलिस आयुक्त का पार्कों में साइकिल से गश्त फिर से शुरू करने का निर्देश

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 08:37 PM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद जिला पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) के साथ की गई ताजा सुरक्षा समीक्षा में पार्कों में साइकिल गश्त फिर से शुरू करने, सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान करने और ऐसे पार्कों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है जिनमें सीसीटीवी चालू नहीं हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दक्षिण पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में सोमवार शाम नाबालिग लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर कथित घटना हुई, वहां पर्याप्त रोशनी नहीं थी और उस क्षेत्र में कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा था।

घटना के करीब 24 घंटे बाद पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को पार्क का दौरा किया और वहां सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने पुलिस मुख्यालय में विशेष पुलिस आयुक्तों, संयुक्त पुलिस आयुक्तों और सभी 15 जिलों के डीसीपी के साथ बैठक की तथा पार्कों और सुनसान इलाकों की सुरक्षा के संबंध में निर्देश जारी किए।

अधिकारियों ने बताया कि कुमार ने सभी जिला डीसीपी को उन स्थानों की पहचान करने का निर्देश दिया है, जहां सड़क की लाइटें काम नहीं कर रही हैं। साथ ही, ऐसे पार्कों की सूची बनाने को भी कहा जिनमें सीसीटीवी काम नहीं कर रहे हैं, द्वार या दीवारें टूटी हुई हैं तथा अन्य सुरक्षा संबंधी कमियां हैं।

उन्होंने बताया कि इन कमियों की जानकारी संबंधित नगर निकायों को दी जाएगी, ताकि उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा उपायों के तहत कई जिला पुलिस इकाइयों ने पार्कों में साइकिल से गश्त फिर से शुरू करने का फैसला किया है। थाना प्रभारियों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय पैदल गश्त के साथ-साथ साइकिल से गश्त सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइकिल से गश्त करने से पुलिसकर्मी पार्क के बड़े क्षेत्र को कवर कर सकते हैं और वहां आने वाले लोगों के बीच उनकी मौजूदगी अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देगी।

दिल्ली पुलिस ने पहले भी कई पार्कों में साइकिल से गश्त की व्यवस्था शुरू की थी।

अक्टूबर 2017 में खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले पांच लोगों ने बुद्ध जयंती पार्क में एक दंपति को कथित तौर पर लूट लिया था। इसके बाद कई पार्कों में साइकिल से गश्त शुरू की गई थी और इसके लिए पुलिसकर्मियों को साइकिलें उपलब्ध कराई गई थीं।

हालांकि, एक पुलिस सूत्र ने बताया कि यह व्यवस्था धीरे-धीरे बंद हो गई और इसके बाद पार्कों में गश्त को कम प्राथमिकता दी जाने लगी।

अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त ने बीट पुलिसकर्मियों और जमीनी स्तर पर तैनात कर्मचारियों को पार्कों में तैनात सुरक्षा गार्डों के साथ नियमित संपर्क में रहने और उनकी मौजूदगी पर नजर रखने का भी निर्देश दिया है।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि वे पार्कों, बस अड्डों, सड़कों या अन्य सुनसान स्थानों पर सुरक्षा संबंधी कमियों को नजरअंदाज न करें। उन्हें सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने तथा किसी भी खराबी की जानकारी संबंधित विभागों को देने का भी निर्देश दिया गया है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश