आबकारी कर्मचारी के अपहरण के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

Ads

आबकारी कर्मचारी के अपहरण के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 06:20 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां ड्यूटी पर तैनात आबकारी विभाग के एक कर्मचारी के कथित अपहरण और हमले के सिलसिले में तीन महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने सूचना के आधार पर साहब सिंह को धौला कुआं से गिरफ्तार कर लिया जब वह खाटू श्याम मंदिर की ओर जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 22 फरवरी की रात को उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हुई घटना से संबंधित है, जब कुछ लोगों ने शालीमार बाग में एक अधिकारी पर कथित तौर पर हमला किया और उनका अपहरण कर लिया।

अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को जबरदस्ती एक कार में बिठाया और उसे हरियाणा के बहालगढ़ ले गए, जहां शराब के एक गोदाम में उसके साथ और मारपीट की गई।’

पुलिस ने शालीमार बाग में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन बार-बार छापेमारी के बावजूद सिंह फरार रहा।

अधिकारी ने बताया, “रविवार को पुलिस की एक टीम ने धौला कुआं बस स्टैंड के पास जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।”

पुलिस ने बताया कि सिंह आदतन अपराधी है और दिल्ली और हरियाणा में पांच आपराधिक मामलों में शामिल है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव