हल्द्वानी, 12 मई (भाषा) उत्तराखंड के हल्द्वानी में गौलापार क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान पानी पीने के लिए दो दलित युवकों की कथित तौर पर पिटाई की गई और उनके खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां की गईं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि देवला मल्ला गांव में रविवार रात विवाह समारोह में गाने बजा रहे शुभम टम्टा ने प्यास लगने पर पास रखे एक बर्तन से पानी पी लिया, लेकिन यह कथित तौर पर कुछ लोगों को नागवार गुजरा।
देवला मल्ला गांव के रहने वाले शुभम के भाई उमेश की ओर से काठगोदाम थाने को दी तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पानी पीने से नाराज लोगों ने जातिसूचक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौच और मारपीट की।
तहरीर के मुताबिक करीब 10 लोगों ने शुभम की पिटाई की, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उमेश ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पर उसकी भी पिटाई की गई और सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर जाति सूचक शब्दों के इस्तेमाल से संबंधित उमेश व शुभम के आरोप को गलत बताया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने काठगोदाम थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
काठगोदाम थाने के प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी । पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिश्रा ने कहा कि जांच के आधार पर विस्तृत कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं दीप्ति जोहेब
जोहेब