गुरुग्राम में बर्गर किंग के रेस्तरां में ‘एसी कंप्रेसर’ में विस्फोट, कोई घायल नहीं

Ads

गुरुग्राम में बर्गर किंग के रेस्तरां में 'एसी कंप्रेसर' में विस्फोट, कोई घायल नहीं

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 10:14 PM IST

गुरुग्राम, 23 अगस्त (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-14 बाजार में स्थित बर्गर किंग के एक रेस्तरां में ‘एयर कंडीशनर’ (एसी) का ‘कंप्रेसर’ फटने से ग्राहकों और आसपास के इलाके में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात हुए इस धमाके के कारण रेस्तरां में कांच से बने साज-सज्जा वाले उपकरण टूटकर पूरे परिसर में बिखर गए। धमाके की आवाज सुनकर पास की दुकानों में मौजूद ग्राहक भी बाहर की तरफ भागे।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।

उसने बताया कि स्थानीय लोगों और रेस्तरां प्रबंधन ने पुलिस तथा दमकल विभाग को घटना के बारे में सूचित किया, जिसके बाद पुलिस की एक गश्ती टीम और भीम नगर फायर स्टेशन से दमकल विभाग की कई टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुलिस और दमकल अधिकारियों ने रेस्तरां के आसपास के इलाके से लोगों को सुरक्षित हटाया और स्थिति पर काबू पाया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। उसने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश