उत्तरी बंगाल के विकास की कार्ययोजना तैयार, सभी केंद्रीय योजनाओं का लाभ मिलेगा : शुभेंदु अधिकारी
उत्तरी बंगाल के विकास की कार्ययोजना तैयार, सभी केंद्रीय योजनाओं का लाभ मिलेगा : शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, 16 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के उत्तरी इलाके के विकास के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
उन्होंने पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को आश्वासन दिया कि केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ उन तक आसानी से पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन (जीटीए) में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जीटीए दार्जिलिंग इलाके के प्रशासन और विकास के लिए बनाई गई एक कानूनी और स्वायत्त प्रशासनिक संस्था है।
अधिकारी ने घोषणा की कि इन पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ महीनों में शिक्षकों और पुलिसकर्मियों की भर्ती शुरू हो जाएगी।
मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद दार्जिलिंग की पहाड़ियों के अपने पहले दौरे के दौरान शुभेंदु ने कुर्सियोंग में एक जनसभा में कहा, ‘‘हम पहाड़ी इलाकों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उत्तर बंगाल के विकास के लिए एक व्यापक रोडमैप पहले ही तैयार किया जा चुका है।’’
दार्जिलिंग क्षेत्र में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार नियुक्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं करेगी।
जीटीए के माध्यम से शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नारे ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’ का हवाला दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार के सभी मामलों की जांच की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’
अधिकारी ने कहा कि अगले कुछ महीनों में पुलिस बल और अध्यापक पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी।
उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि उनका प्रशासन सुनिश्चित करेगा कि पहाड़ी इलाकों में केंद्र की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
अधिकारी ने कहा, ‘‘केंद्र की सभी कल्याणकारी और विकास योजनाएं पहाड़ी इलाकों के लोगों तक पहुंचेंगी।’’
पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) पहाड़ी इलाकों का दौरा एक पर्यटक के तौर पर करती थीं। मैं यहां काम करने आया हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नियुक्तियों और भर्ती में पारदर्शिता बरती जाएगी। उन्होंने सभा में कहा, ‘‘अब भर्ती में कोई भ्रष्टाचार नहीं होगा।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा
राजकुमार प्रशांत
प्रशांत

Facebook


