अभिनेत्री उत्पीड़न मामले में अभिनेता, कारोबारी दोस्त पर सबूत मिटाने के आरोप : अदालत

Ads

अभिनेत्री उत्पीड़न मामले में अभिनेता, कारोबारी दोस्त पर सबूत मिटाने के आरोप : अदालत

  •  
  • Publish Date - October 28, 2022 / 05:38 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:28 PM IST

कोच्चि (केरल), 28 अक्टूबर (भाषा) केरल की एक अदालत ने शुक्रवार को कहा कि 2017 के अभिनेत्री उत्पीड़न मामले के आरोपी अभिनेता दिलीप के खिलाफ सबूत मिटाने का आरोप भी लगाया गया है।

अदालत ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 201 (अपराध के सबूतों को गायब करना) और 204 (सबूत के रूप में पेश करने से बचने के लिए इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड या दस्तावेज नष्ट करना) के तहत भी अभिनेता और उनके कारोबारी-मित्र शरत के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

अभिनेता के वकील ने कहा कि अदालत ने इन अतिरिक्त आरोपों से बरी करने की उनकी याचिका खारिज कर दी।

वकील ने कहा कि अदालत ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लगाये गये अतिरिक्त आरोपों की जानकारी देने के लिए मामले को 31 अक्टूबर को सूचीबद्ध किया है।

तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम कर चुकी एक अभिनेत्री का 17 फरवरी, 2017 की रात को कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था और जबरन उसकी कार में घुसकर उसके साथ दो घंटे तक छेड़छाड़ की गई थी। उसके बाद आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाके में फरार हो गये थे।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, अभिनेत्री को ब्लैकमेल करने के लिए इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया था। इस मामले में 10 आरोपी हैं।

भाषा सुरेश माधव

माधव