सोशल मीडिया पर ‘ट्रोल’ होने के बाद मंत्री कुन्हालीकुट्टी ने ‘केरलम’ की वर्तनी की गलती मानी

Ads

सोशल मीडिया पर ‘ट्रोल’ होने के बाद मंत्री कुन्हालीकुट्टी ने 'केरलम' की वर्तनी की गलती मानी

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 12:20 AM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 12:20 AM IST

कोझिकोड (केरल), चार जुलाई (भाषा) केरल के उद्योग मंत्री पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान ‘केरलम’ शब्द की वर्तनी गलत लिखने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों की आलोचना को सकारात्मक भावना से लिया है और भविष्य में अधिक सावधानी बरतेंगे।

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के वरिष्ठ नेता ने हाल ही में कोच्चि में आयोजित एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कार्यक्रम का उद्घाटन करते समय व्हाइटबोर्ड पर ‘‘केरलम, लेट्स टॉक’’ लिखा था।

हालांकि, उन्होंने ‘‘केरलम’’ शब्द की वर्तनी गलत लिख दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ‘ट्रोल’ करते हुए कई वीडियो और पोस्ट प्रसारित हुए।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कुन्हालीकुट्टी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा कि यह गलती उस समय हुई, जब लिखते वक्त आसपास मौजूद लोग उनसे बात कर रहे थे और उनका ध्यान कुछ क्षण के लिए भटक गया।

उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘इमोजी’ के साथ लिखा, ‘‘कोच्चि में आयोजित कार्यक्रम में शुभकामना संदेश लिखते समय मुझसे हुई एक छोटी-सी वर्तनी की गलती को लेकर किए गए सभी ‘ट्रोल’ मैंने देखे हैं।’’

उन्होंने कहा कि लिखते समय आसपास लोग बातचीत कर रहे थे, जिससे कुछ क्षण के लिए उनका ध्यान भटक गया और यह गलती हो गई।

मंत्री ने कहा, ‘‘जब ऐसी गलतियों की ओर ध्यान दिलाया जाता है तो मैं उन्हें पूरी तरह स्वीकार करता हूं। आने वाले दिनों में मैं ऐसी बातों को लेकर और अधिक सावधानी बरतूंगा।’’

भाषा गोला सुभाष

सुभाष