सेना ने जम्मू कश्मीर के शोपियां में लश्कर के दो स्थानीय आतंकवादियों को घेरा; अभियान जारी

Ads

सेना ने जम्मू कश्मीर के शोपियां में लश्कर के दो स्थानीय आतंकवादियों को घेरा; अभियान जारी

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 01:04 AM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 01:04 AM IST

श्रीनगर, चार जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में सेना ने आतंकवाद रोधी एक बड़ा अभियान शुरू किया और प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो स्थानीय आतंकवादियों को एक घने बाग में घेर लिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह अभियान शुक्रवार दोपहर शुरू किया गया, जब मीमंदर इलाके (जिसमें सात गांव आते हैं) के एक बाग में लगे सेना के कैमरे में दो आतंकवादी दिखाई दिए।

सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कई टुकड़ियों की एक संयुक्त टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और शाम तक चार गांवों को खाली करा लिया।

दोनों आतंकवादियों की पहचान लतीफ और ज़ाकिर के तौर पर हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने पास आ रहे सेना के जवानों पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि सेना की एक विशेष इकाई, ‘विक्टर फ़ोर्स’ ने इलाके में रोशनी करने के साथ-साथ बाग की घनी झाड़ियों के बीच से भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त जवानों को तैनात किया है।

सुरक्षा रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आतंकवादी दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। जहां ज़ाकिर के बारे में कहा जाता है कि वह 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है, वहीं लतीफ पिछले साल इसमें शामिल हुआ था।

भाषा सुभाष गोला

गोला