नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार पड़ोसी राज्यों से राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाली बसों के ‘जीपीएस प्रणाली’ को दिल्ली सरकार के संबंधित विभाग की प्रणालियों से जोड़ने की योजना बना रही है, ताकि वास्तविक समय पर निगरानी की जा सके और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
यह कदम चार अगस्त को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एक बस के चालक और परिचालक द्वारा उत्तर प्रदेश की 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के बाद उठाया गया है।
गुप्ता ने घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना में बस चालक और परिचालक की भूमिका पर चिंता जताते हुए कहा, “ऐसी घटनाएं पूरे सभ्य समाज को झकझोर देती हैं। दिल्ली सरकार इस विषय पर पड़ोसी राज्यों की सरकारों से भी बातचीत करेगी, ताकि दिल्ली आने-जाने वाली बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।”
उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जाएगा, जिसके तहत दूसरे राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने वाली बसों की ‘जीपीएस प्रणाली दिल्ली के संबंधित विभाग की प्रणाली से जुड़ी हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे बस की लोकेशन सहित आवश्यक जानकारी पर निगरानी रखी जा सकेगी और किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।
भाषा
नोमान दिलीप
दिलीप