भिवानी, 17 मई (भाषा) हरियाणा के कृषि एवं पशु पालन मंत्री जेपी दलाल ने सोमवार को लेघा, कैरू, तोशाम व बवानीखेड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।
दलाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोरोना संक्रमण के उपचार संबंधी सभी सुविधाएं देने के निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि कोविड लक्षण वाले हर व्यक्ति का रैपीड एंटीजन जांच किया जाये और पॉजिटिव आने पर तत्काल उपचार शुरू हो ।
दलाल ने कहा कि कोविड संक्रमित रोगियों के उपचार के लिए राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य संबंधी संसाधनों का पुख्ता प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी एवं चिकित्सक आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें ताकि किसी भी व्यक्ति की संक्रमण के कारण जान न जाये ।
इसके बाद मंत्री ने कोविड-19 को लेकर अधिकारियों की बैठक भी की ।
उन्होंने बैठक में कहा कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण के दृष्टिगत प्रदेशभर में ऑक्सीजन, वेंटीलेटर, बेड तथा दवाईयों समेत सभी प्रकार के सामान की समुचित व्यवस्था की गई है।
कृषि मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि संक्रमण की जांच के साथ-साथ टीकाकरण की टीमों में बढ़ोतरी की जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा सके।
भाषा सं रंजन
रंजन