नकली बीज घूसकांड में कृषिमंत्री की भूमिका की जांच हो: अशोक गहलोत
नकली बीज घूसकांड में कृषिमंत्री की भूमिका की जांच हो: अशोक गहलोत
(फाइल फोटो के साथ)
जयपुर, आठ जून (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कथित नकली बीज घूसकांड को लेकर शनिवार को राज्य के कृषिमंत्री पर निशाना साधा और उनकी भूमिका की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की ।
गहलोत ने एक बयान में कहा कि राज्य के कृषि विभाग एवं बीज निगम में करोड़ों रुपये के नकली बीज घूसकांड का ‘एसीबी’ द्वारा भंडाफोड़ होना बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जो अधिकारी कृषि मंत्री के साथ अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर ‘छापेमारी’ का नाटक कर रहे थे, वे ही पिछले दरवाजे से करोड़ों रुपये की वसूली एवं ब्लैकमेलिंग का सिंडिकेट चला रहे थे।’’
कांग्रेस नेता गहलोत का यह भी आरोप था कि इस पूरे मामले की कड़ियां बहुत ऊपर तक जुड़ी हुई प्रतीत होती हैं तथा बिना उच्च स्तरीय संरक्षण के अधिकारियों में इतनी बड़ी उगाही का साहस नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा,‘‘मुख्यमंत्री से मांग है कि किसानों के हितों से कुठाराघात करने वाले इस ‘गठजोड़’ में स्वयं कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा तक की भूमिका की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, जिससे सच प्रदेश की जनता के सामने आ सके।’’
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक सहित छह लोगों को रविवार को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सोमवार को बीकानेर की विशेष अदालत ने 12 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
एसीबी ने निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई और अन्य पांच आरोपियों –गणपत राम बिश्नोई, स्वतंत्र बिश्नोई, किरण कपाड़िया, सुनील सेतिया और सतपाल को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2.44 करोड़ रुपये बरामद किए गए जो कथित तौर पर एक बीज कंपनी मालिक के खिलाफ कार्रवाई को निपटाने के लिए रिश्वत के रूप में लिए गए थे।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


