दक्षिण त्रिपुरा में घर के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिले
दक्षिण त्रिपुरा में घर के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिले
अगरतला, 25 जुलाई (भाषा) दक्षिण त्रिपुरा जिले में एक दंपति सहित एक ही परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शंकर चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी छबी (49) और उनके छोटे बेटे कृष्ण (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शंकर और छबी चक्रवर्ती के शव खून से लथपथ मिले और उनके शरीर पर धारदार हथियार की चोटों के कई निशान थे, जबकि कृष्ण का शव उनके घर में छत से फंदे से लटका हुआ पाया गया।
उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) दीप्तनु दास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना पश्चिम मुहुरीपुर गांव में हुई। यह मामला उस समय सामने आया जब दंपति का बड़ा बेटा मिथुन चक्रवर्ती शुक्रवार को घर लौटा और उसने दरवाजे तथा खिड़कियां अंदर से बंद पाईं।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।
अधिकारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘घटना के कारणों का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक निष्कर्षों और घटनास्थल से एकत्र किए गए अन्य सबूतों की जांच के बाद ही चल पाएगा।’
उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भाषा
प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


