क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी मामले में अहमदाबाद का कूरियर सेवा संचालक गिरफ्तार

क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी मामले में अहमदाबाद का कूरियर सेवा संचालक गिरफ्तार

क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी मामले में अहमदाबाद का कूरियर सेवा संचालक गिरफ्तार
Modified Date: June 17, 2026 / 01:11 am IST
Published Date: June 17, 2026 1:11 am IST

गांधीनगर, 16 जून (भाषा) गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद के एक कूरियर सेवा संचालक को उस अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है, जिसमें शामिल गिरोह का हाल में भंडाफोड़ हुआ था। इसी के साथ मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 13 हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने 226 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ किया गया, जिसके तार चरमपंथी संगठन हमास की एक मुखौटा संस्था से जुड़े हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजदीपसिंह जाला ने बताया कि मामले में गिरफ्तार 13वें आरोपी की पहचान शब्बरहुसैन पडेला (35) के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद के सरखेज इलाके का रहने वाला है।

जाला ने बताया कि पडेला पर हूती विद्रोहियों (यमन का विद्रोही समूह, जिसे ईरान का समर्थन हासिल है) और हमास से जुड़े “डर्टी क्रिप्टो” को नकदी में बदलने में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, मोनेरो और बायनेन्स वॉलेट एसेट्स समेत यह क्रिप्टोकरेंसी मामले के मुख्य आरोपियों – मोहम्मद जुबेर मोहम्मदहुसैन पोपटिया और जीशान सिराज मोतीवाला – की थी, जिनके वॉलेट का इस्तेमाल कथित तौर पर आतंकवादी संगठनों द्वारा किया गया था।

पुलिस के अनुसार, आगे की जांच में पता चला कि पडेला ‘यूके मेडिसिन ऑन व्हील’ नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता था, जिसके जरिये वह ब्रिटेन में मादक पदार्थ के ग्राहकों की पहचान करता था।

पुलिस ने बताया कि कूरियर सेवा चलाने वाले सह-आरोपी मोहसिन मोलानी के साथ मिलकर पडेला ने ब्रिटेन में रहने वाले एक अन्य आरोपी सलमान अंसारी को कथित तौर पर नशीले पदार्थ की आपूर्ति की और इस तरह एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह को बढ़ावा दिया।

भाषा

पारुल सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में