अन्नाद्रमुक नेता उदयकुमार का मंत्री आधव अर्जुन पर निशाना
अन्नाद्रमुक नेता उदयकुमार का मंत्री आधव अर्जुन पर निशाना
मदुरै (तमिलनाडु), 20 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेता आर. बी. उदयकुमार ने आरोप लगाया कि मंत्री आधव अर्जुन ‘‘राजनीतिक अहंकार में चूर’’ हैं और तमिलनाडु में बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा डेंगू के प्रकोप से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए उदयकुमार ने दावा किया कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके)-कांग्रेस गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जारी बहस “ध्यान भटकाने की सुनियोजित साजिश” है।
उदयकुमार ने कहा, ‘‘टीवीके और कांग्रेस के बीच इस बात को लेकर बड़ी खींचतान जारी है कि विजय या राहुल गांधी में से कौन प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार होगा। यह बहस डेंगू के प्रकोप और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं से भी ज्यादा खलबली पैदा कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में एक ही दिन में 253 लोग डेंगू से प्रभावित हुए हैं। मदुरै में तीन हत्याओं समेत राज्यभर में 24 घंटे के भीतर आठ लोगों की हत्या कर दी गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शायद टीवीके इस मुद्दे को जानबूझकर उछाल रही है, ताकि लोगों का ध्यान भटकाया जा सके।’’
पूर्व मंत्री ने टीवीके के नेतृत्व वाले नए गठबंधन ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री एलायंस’ की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जारी खींचतान के कारण यह गठबंधन बिखरने के कगार पर है।
इस गठबंधन में कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) जैसे दल शामिल हैं।
उदयकुमार ने हाल में यह सवाल उठाने को लेकर अर्जुन की कड़ी आलोचना की कि दक्षिणी तमिलनाडु का कोई नेता प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘मदुरंतकम में उपचुनाव के उम्मीदवार के परिचय के लिए आयोजित बैठक में उनका दिया गया भाषण अहंकार, घमंड और राजनीतिक अशिष्टता की पराकाष्ठा है।’’
भाषा खारी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


