वायनाड में तंबाकू चोरी मामले में एक सप्ताह से अधिक समय से फरार पुलिस अधिकारी हिरासत में

वायनाड में तंबाकू चोरी मामले में एक सप्ताह से अधिक समय से फरार पुलिस अधिकारी हिरासत में

वायनाड में तंबाकू चोरी मामले में एक सप्ताह से अधिक समय से फरार पुलिस अधिकारी हिरासत में
Modified Date: September 20, 2026 / 04:24 pm IST
Published Date: September 20, 2026 4:24 pm IST

वायनाड (केरल), 20 सितंबर (भाषा) वायनाड के सुल्तान बाथरी थाने में जब्त कर रखे गए प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के सात बैग चोरी करने के आरोप में पिछले 10 दिनों से फरार एक पुलिस अधिकारी को रविवार को हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि थाने में जब्त सामान को चुराने के संदिग्ध वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी साबिथ को रविवार सुबह एर्णाकुलम जिले के कलमस्सेरी से हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को चोरी की घटना सामने आने के बाद से साबिथ का पता नहीं चल पा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया और हाल ही में उसे सेवा से निलंबित भी कर दिया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को आरोपी के एर्णाकुलम में होने का पता चला। उन्होंने बताया कि साबिथ का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल फोन की लोकेशन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन वह लगातार अपना स्थान बदल रहा था जिसके कारण उसका पता लगा पाना मुश्किल हो रहा था।

उन्होंने बताया कि रविवार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कलमस्सेरी के पास पकड़ लिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस की एक टीम साबिथ को सुल्तान बाथरी ले जा रही है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद उसे रिमांड प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, सात जून को सुल्तान बाथरी के पास धोट्टाप्पनकुलम में एक व्यक्ति के पास से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के सात बैग जब्त किए गए थे।

उसने बताया कि जब्त किए गए इन सामान को मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष पेश किया गया था, जिसने इन्हें पुलिस थाने में ही सुरक्षित रखने का निर्देश दिया था।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में