हैदराबाद में महाराष्ट्र से आए एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं पर हमला, मामला दर्ज

Ads

हैदराबाद में महाराष्ट्र से आए एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं पर हमला, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 01:37 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 01:37 PM IST

हैदराबाद, 16 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र से आए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के कार्यकर्ताओं पर कुछ लोगों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद हैदराबाद में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात लाल दरवाजा इलाके में हुई, जब कुछ लोगों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के वाहन को रोका।

एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने शिकायत में बताया कि समूह ने उन्हें धमकाया, गाली-गलौज की और वाहन से पार्टी का झंडा हटाने के बाद कार्यकर्ताओं से मारपीट की।

चारमीनार से एआईएमआईएम के विधायक मीर जुल्फिकार अली ने बताया कि चार-पांच लोगों ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर उस समय हमला किया जब वे रात्रि भोज के लिए जा रहे थे।

उन्होंने घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का पुलिस से आग्रह किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुगलपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा