नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) एअर इंडिया के एक पायलट ने सोमवार को बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के ईंधन नियंत्रण ‘स्विच’ में संभावित खराबी की सूचना दी तथा इसकी जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, लंदन से बेंगलुरु आ रहा विमान (उड़ान संख्या एआई132) सोमवार सुबह बेंगलुरु में उतरा।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि वह इस बात से अवगत है कि उसके एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी।
बयान में कहा गया, ‘‘यह प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद, हमने उक्त विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है और पायलट की चिंताओं की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराने के लिए निर्माता कंपनी से संपर्क कर रहे हैं।’’
इसमें कहा गया, ‘‘मामले की जानकारी डीजीसीए को दे दी गई है और एअर इंडिया ने डीजीसीए के निर्देश पर अपने बेड़े के सभी बोइंग 787 विमानों के ईंधन नियंत्रण ‘स्विच’ की जांच की। हालांकि उसमें कोई समस्या नहीं पाई गई।’’
यह घटना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले साल जून में हुई एअर इंडिया ड्रीमलाइनर दुर्घटना के बाद से ही इसके ईंधन नियंत्रण ‘स्विच’ की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठ रहे थे।
देश के सबसे बड़े विमान हादसों में से एक दुर्घटना 12 जून 2025 को हुई थी जब अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान (एआई171) उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल