एअर इंडिया का विमान हवा में अपनी निर्धारित ऊंचाई से अचानक नीचे आया, 17 लोग घायल

Ads

एअर इंडिया का विमान हवा में अपनी निर्धारित ऊंचाई से अचानक नीचे आया, 17 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:41 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:41 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रहा एअर इंडिया का एक विमान मंगलवार सुबह वायुमंडलीय अस्थिरता (टर्बुलेंस) के कारण हवा में अपनी निर्धारित ऊंचाई से अचानक लगभग 300 फुट नीचे आ गया, जिससे उसमें सवार कम से कम 17 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में चालक दल के कुछ सदस्य भी शामिल हैं, जिनमें से एक को गंभीर चोटें आई हैं।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस घटना की जांच कर रहा है। विस्तृत जांच के लिए विमान के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) को सुरक्षित रख लिया गया है।

डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एअर इंडिया का ए-320 विमान (पंजीकरण संख्या वीटी-ईएक्सओ), जो फुकेत-दिल्ली उड़ान संख्या एआई2379 का संचालन कर रहा था, उड़ान के दौरान अचानक लगभग 300 फुट नीचे आ गया।

उन्होंने कहा, ‘‘विमान के पायलट ने बताया कि विमान के लगभग 300 फुट नीचे आने के कारण चालक दल का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।’’

शाम करीब सात बजे जारी अद्यतन बयान में एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि विमान को उड़ान के ‘क्रूज’ चरण के दौरान अचानक ऊंचाई में गिरावट का सामना करना पड़ा।

हालांकि, उन्होंने बताया कि इस क्षणिक घटना के बाद विमान ने सामान्य रूप से उड़ान जारी रखी और सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतर गया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एयरबस ए320 नियो विमान में 137 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे। इनमें 13 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हुए, जिन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चार अगस्त को शाम 6:50 बजे तक पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायल यात्रियों और चालक दल के सदस्य उपचार और देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।’’

डीजीसीए के अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।

एअर इंडिया ने कहा कि चालक दल के चार सदस्यों सहित कुल 17 लोग घायल हुए हैं, वहीं नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रात करीब आठ बजे जारी बयान में कहा कि आठ यात्रियों और चालक दल के चार सदस्यों को विस्तृत चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा, ‘‘अस्पताल में भर्ती सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की हालत स्थिर है तथा उन्हें समुचित चिकित्सा और देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है। अन्य यात्रियों को भी आवश्यक सहायता और सहयोग प्रदान किया गया है।’’

नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू, नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और डीजीसीए के महानिदेशक वीर विक्रम यादव ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित फोर्टिस अस्पताल पहुंचकर घायल यात्रियों का हालचाल जाना।

इससे पहले, दोपहर करीब 1:30 बजे जारी एक बयान में एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा था कि उड़ान के दौरान ‘क्रूज’ चरण में विमान को थोड़े समय के लिए वायुमंडलीय अस्थिरता का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया।

उन्होंने कहा था, ‘‘किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए उन्हें हवाई अड्डे की चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया है, जहां एअर इंडिया की हवाई अड्डा टीम और चिकित्सा कर्मी उनकी देखभाल कर रहे हैं।’’

प्रवक्ता ने ताजा बयान में कहा कि स्थापित सुरक्षा और नियामकीय प्रक्रियाओं के अनुरूप संबंधित नियामक प्राधिकरणों को घटना की सूचना दे दी गई है।

उन्होंने कहा कि एअर इंडिया जांच में पूरा सहयोग कर रही है और विमान निर्माता कंपनी को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना जारी रखेंगे तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों के साथ निकट समन्वय बनाए रखेंगे।’’

उन्होंने कहा कि एयरलाइन की टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों एवं उनके परिजनों के लगातार संपर्क में हैं।

इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि विमान को हैंगर में ले जाया गया है तथा विस्तृत जांच के लिए उसके एफडीआर और सीवीआर को सुरक्षित रख लिया गया है।

खराब मौसम की स्थिति में संभावित वायुमंडलीय अस्थिरता के बारे में यात्रियों को पहले से सचेत करना पायलट की सामान्य मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का हिस्सा होता है। हालांकि, इसके कारण यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के घायल होने की घटनाएं अपेक्षाकृत दुर्लभ हैं।

इससे पहले, 21 मई 2024 को लंदन से सिंगापुर जा रही सिंगापुर एयरलाइंस की एक उड़ान भी भीषण वायुमंडलीय अस्थिरता की चपेट में आ गई थी। इस घटना में एक यात्री की संदिग्ध हृदयाघात से मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

एक अन्य गंभीर घटना में एक मई 2022 को मुंबई से दुर्गापुर जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान को भी तेज वायुमंडलीय अस्थिरता का सामना करना पड़ा था, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

भाषा रवि कांत रवि कांत पारुल

पारुल