एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वायुसेना के अगले उप प्रमुख होंगे
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वायुसेना के अगले उप प्रमुख होंगे
नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, वायु सेना के अगले उपप्रमुख होंगे। उनके पास 3,300 घंटे से ज़्यादा का उड़ान अनुभव है।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि वह एक जुलाई को एयर मार्शल नागेश कपूर की जगह पद संभालेंगे।
एयर मार्शल दीक्षित को दिसंबर 1986 में भारतीय वायु सेना की लड़ाकू शाखा में शामिल किया गया था। रक्षा मंत्रालय ने पहले बताया था कि वे नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला; डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज, नयी दिल्ली के पूर्व छात्र हैं।
मंत्रालय ने कहा कि यह वायु सेना अधिकारी एक “योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट हैं, जिन्हें मिराज-2000, मिग-21 और जगुआर समेत 20 से ज़्यादा तरह के विमानों को उड़ाने का 3,300 घंटे से ज़्यादा का अनुभव है।”
वायुसेना उप प्रमुख के तौर पर नियुक्त होने से पहले, वे मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ में एकीकृत रक्षा स्टाफ प्रमुख (सीआईएससी) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने मई 2025 में यह पद संभाला था।
एयर मार्शल कपूर ने दिसंबर 1985 में नेशनल डिफेंस एकेडमी से स्नातक किया और छह दिसंबर 1986 को वायुसेना की उड़ान शाखा की लड़ाकू शाखा में शामिल हुए।
वहीं, अधिकारियों के मुताबिक एयर मार्शल तेजिंदर सिंह अगले सीआईएससी बनने वाले हैं।
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश
नरेश

Facebook


