बंगाल के विद्यालयों के पाठ्यक्रम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, स्वार्मी प्रणवानंद से जुड़े अध्याय शामिल होंगे: शुभेंदु
बंगाल के विद्यालयों के पाठ्यक्रम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, स्वार्मी प्रणवानंद से जुड़े अध्याय शामिल होंगे: शुभेंदु
कोलकाता, पांच सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार स्कूली पाठ्यक्रम में भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद के योगदान से जुड़े अध्याय को शामिल करेगी।
शुभेंदु ने यहां राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 300 करोड़ रुपये का ‘समग्र अनुदान’ आवंटित किया है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार के समय इन विद्यालयों की अवसंरचना और सुविधाएं खराब हो गई थीं, क्योंकि उस सरकार का पूरा जोर केवल ‘खेला’, ‘मेला’, पूजा अनुदान और इमामों के भत्ते पर ही था।
शुभेंदु ने कहा, ‘‘हम विद्यालयों के पाठ्यक्रम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी और स्वामी प्रणवानंद के योगदान और बलिदान से जुड़े अध्यायों को शामिल करेंगे, जिन्होंने पश्चिम बंगाल के निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी और इस तरह भारत के बंटवारे के दौरान करोड़ों हिंदुओं की जान बचाई थी।’’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने तुष्टीकरण की नीति के तहत धार्मिक शिक्षण संस्थानों में समुदाय विशेष के छात्रों को विशेष रियायतें दी थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, हम एक समावेशी दृष्टिकोण अपनाएंगे।’’
भाषा धीरज देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


