कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कर्नाटक में ‘प्रजासेवा अभियान’ शुरू किया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कर्नाटक में ‘प्रजासेवा अभियान’ शुरू किया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कर्नाटक में ‘प्रजासेवा अभियान’ शुरू किया
Modified Date: September 5, 2026 / 02:32 pm IST
Published Date: September 5, 2026 2:32 pm IST

विजयनगर (कर्नाटक), पांच सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने नागरिकों से सीधे जुड़ने के लिए विजयनगर जिले के कुडलीगी से ‘प्रजासेवा अभियान’ की शनिवार को शुरुआत की।

अधिकारियों ने बताया कि ‘प्रजासेवा अभियान’ एक एकीकृत व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य नागरिकों की शिकायतें सीधे सुनना और उनका समाधान मौके पर या निर्धारित समयसीमा के भीतर करना है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान हाल में गठित प्रजासेवा विभाग के तहत शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है।

अधिकारियों के अनुसार, ‘प्रजासेवा अभियान’ के तहत राज्यभर में शनिवार के दिनों पर तालुका और होबली (गांवों के समूह) स्तर पर बारी-बारी से बैठकें आयोजित की जाएंगी।

हर महीने के पहले और तीसरे शनिवार को जिला प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में तालुका मुख्यालयों पर बैठकें होंगी।

सरकार ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि दूसरे और चौथे शनिवार को स्थानीय विधायक की अध्यक्षता में तालुका या होबली स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बयान के मुताबिक, नागरिकों को इन बैठकों के बारे में कम से कम 15 दिन पहले घर-घर पर्चे बांटकर जानकारी दी जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा तालुका या होबली क्षेत्र के निवासियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कॉल सेंटर से फोन कर बैठक की तारीख, समय, स्थान और उसकी अध्यक्षता करने वाले निर्वाचित प्रतिनिधि के बारे में जानकारी दी जाएगी।

बयान के अनुसार, प्रजासेवा विभाग के तहत एकीकृत जन शिकायत निवारण प्रणाली विकसित की गई है, ताकि कर्नाटक सरकार के विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बयान में कहा गया, ‘‘यह जन शिकायतों के निवारण के लिए बहुआयामी, आंकड़ों पर आधारित और कागजरहित सॉफ्टवेयर प्रणाली है।’’

भाषा

सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में