akhilesh yadav/ image source: yadavakhilesh x handle
Ajay Pal Sharma IPS Viral Video: पश्चिम बंगाल राज्य में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, लेकिन इसी बीच उत्तर 24 परगना जिले में तैनात पर्यवेक्षक बनाए गए यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा एक बार फिर सियासी चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस वीडियो को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और उन्हें बीजेपी का “एजेंट” बताते हुए सवाल उठाए हैं। अजय पाल शर्मा की तैनाती पश्चिम बंगाल में चुनावी पर्यवेक्षक के रूप में की गई है, जहां उन्हें संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर 24 परगना जिले को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में इस क्षेत्र में तैनात पर्यवेक्षक को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अजय पाल शर्मा का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने पर्यवेक्षक के नाम पर “रामपुर और संभल में टेस्ट किए हुए एजेंट” तैनात किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे ‘एजेंडों के एजेंटों’ की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जाँच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी। ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं। हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे। ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए क़ानूनी सज़ा भी पाएंगे।
आईपीएस अजय पाल शर्मा वर्तमान में प्रयागराज में जॉइंट सीपी के पद पर तैनात हैं और इससे पहले वे रामपुर में पुलिस कप्तान रह चुके हैं। बताया जाता है कि वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी और भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं। चुनावी ड्यूटी के दौरान उनका वीडियो वायरल होने के बाद अब पश्चिम बंगाल में उनकी तैनाती को लेकर भी राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।