अयोध्या, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर में दान और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर बृहस्पतिवार को सवाल उठाते हुए दान के गबन के दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अयोध्या में राम मंदिर में दर्शन करने के बाद राय ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच कराने की अपनी मांग दोहराई।
अयोध्या में संवाददाताओं से बातचीत में राय ने कहा, “यह भगवान राम की जन्मभूमि है। भाजपा-आरएसएस के लोग यहां भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। पहले भूमि घोटाला हुआ और अब श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए दान की चोरी की जा रही है।”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान जन भागीदारी के नाम पर देशभर से श्रद्धालुओं से करोड़ों रुपये एकत्रित किए गए।
राय ने मांग की कि मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय एसआईटी एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करे।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल