गुवाहाटी, 14 अप्रैल (भाषा) असम जातीय परिषद (एजेपी) उम्मीदवार कुंकी चौधरी की मां सुजाता गुरुंग चौधरी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान ‘‘झूठे, निराधार और दुर्भावनापूर्ण’’ बयान देने के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायत की है।
चौधरी ने 11 अप्रैल को दायर अपनी शिकायत में दावा किया कि शर्मा के बयान उन्हें ‘‘बदनाम करने’’ और गुवाहाटी सेंट्रल से असम जातीय परिषद उम्मीदवार को ‘‘राजनीतिक रूप से निशाना बनाने’’ के इरादे से दिए गए थे। इसके साथ ही उन्होंने ‘‘फर्जी प्रचार’’ के जरिए लोगों को ‘‘भड़काने’’ के लिए मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शर्मा ने अपने खिलाफ दर्ज शिकायत पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने दो अप्रैल को दावा किया था कि सुजाता गुरुंग चौधरी ने ‘बीफ’ खाने से संबंधित पोस्ट साझा किए थे, कुछ वर्गों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की थीं और पाकिस्तान का समर्थन किया था, जिससे ‘सनातनी’ लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी।
शर्मा ने चुनाव प्रचार में उन्हीं आरोपों को दोहराते हुए यह भी कहा कि वह कुंकी के माता-पिता के खिलाफ कथित तौर पर ‘बीफ’ खाने और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में कार्रवाई करेंगे।
सुजाता गुरुंग चौधरी ने अपनी शिकायत में लिखा, ‘‘ये बयान पूरी तरह से झूठे, निराधार और दुर्भावनापूर्ण हैं तथा ऐसा प्रतीत होता है कि मुझे बदनाम करने और मेरी बेटी को राजनीतिक रूप से निशाना बनाने के इरादे से यह बयान दिए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि शर्मा ने मीडिया को एक तस्वीर दिखाई और दावा किया कि उसमें उन्हें ‘बीफ’ खाते हुए दिखाया गया है।
चौधरी ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह तस्वीर अमेरिका के कोलोराडो प्रांत के डेनवर स्थित इंटरनेशनल चर्च ऑफ कैनबिस (आईसीसी) में ली गई थी।
उन्होंने आईसीसी के निदेशक स्टीव बर्क द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक पत्र भी संलग्न किया, जिसमें दावा किया गया था कि चौधरी द्वारा पकड़ी गई वस्तु ‘‘एक तकिया थी, न कि किसी प्रकार का मांस’’ और यह आगंतुकों द्वारा तस्वीरें लेने के लिए संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर रखा गया है।
भाषा यासिर अमित
अमित