तिरुवनंतपुरम, 13 सितंबर (भाषा) केरलम के सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शम्सुद्दीन ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार ने एक एथलेटिक्स कोच के खिलाफ स्कूल स्तर के खिलाड़ियों को प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने वाली दवाओं का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर करने के आरोपों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षा विभाग इस मामले की जांच करेगा।
शम्सुद्दीन ने कहा कि यदि इस मामले में शिक्षक भी शामिल पाए जाते हैं तो इसकी गंभीरता ‘‘दोगुनी’’ हो जाती है और ऐसे में ‘‘उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है। विभाग इन आरोपों की व्यापक जांच करेगा। यह बेहद अनुचित कृत्य है।’’
उन्होंने कहा, “छात्रों को उनकी क्षमता पहचानने और उसे विकसित करने में मदद करने के बजाय उन्हें ऐसे ‘शॉर्टकट’ के बारे में बताना बेहद गंभीर मामला है।”
बताया जा रहा है कि पलक्कड़ में एक छात्र-खिलाड़ी के अभिभावक ने एक एथलेटिक्स कोच पर ये आरोप लगाए हैं।
भाषा गोला दिलीप
दिलीप