नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 227 करोड़ रुपये की कमाई की है।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म मां की मृत्यु के बाद शोक में डूबे युवा लक्ष्मीनारायण की कहानी है, जो ईश्वर की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक 192.13 करोड़ रुपये का शुद्ध कमाई की है।
फिल्म महज दो करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनाई गई थी और यह सात अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सामान्य शुरुआत की और पहले दो हफ्तों में इसकी कमाई काफी धीमी रही। हालांकि, दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के कारण बाद में फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली।
इस फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए।
नीम करौली बाबा का जन्म करीब 1900 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के एक गांव में हुआ था और 1973 में उनका निधन हुआ। कम उम्र में उनका विवाह हुआ था और बाद में वह संन्यासी बन गए थे।
भाषा राखी शोभना
शोभना