पश्चिम विहार में रेस्तरां में कथित गोलीबारीः पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन को गिरफ्तार किया

Ads

पश्चिम विहार में रेस्तरां में कथित गोलीबारीः पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 06:03 PM IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार में कथित गोलीबारी की घटना में मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने रेस्तरां पर गोलीबारी की इस झूठी घटना के जरिये खुद को विदेश स्थित गिरोहों द्वारा शिकार बनाए जाने का नाटक कर वित्तदाताओं से जबरन पैसा ऐंठने और कर्ज चुकाने से बचने की कोशिश की। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान तपन दास उर्फ ​​विश्वास (32), सनी उर्फ ​​बोंग (21) और कमलेश उर्फ ​​गंजा (31) के रूप में हुई है, ये सभी पश्चिम विहार के सोनिया कैंप के निवासी हैं।

पुलिस ने कहा कि पश्चिम विहार में 15 मार्च को गोलीबारी की घटना के संबंध में पीसीआर से जानकारी प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस को रेस्तरां के लोहे के द्वार पर दो गोलियों के निशान और दो खाली कारतूस मिले। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

पश्चिम विहार पूर्व पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान, इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया और संदिग्धों की तस्वीरें स्थानीय स्तर पर प्रसारित की गईं। एक सूचना के आधार पर, एक आरोपी सनी को 17-18 मार्च की दरमियानी रात को निहाल विहार नाले के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि तपन ने पैसे की उगाही करने और वित्तदाताओं के बीच खौफ उत्पन्न करने के लिए गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की साजिश रची थी।

इसके बाद, मुख्य आरोपी तपन, जो संबंधित पुलिस थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है, को सोनिया कैंप से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि तपन ने लगभग 13 लाख रुपये का कर्ज लिया था और कर्ज चुकाने से बचने के इरादे से उसने अपने ही रेस्तरां में गोलीबारी की साजिश रची थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”वह खुद को विदेशी गिरोहों का शिकार दिखाकर सहानुभूति हासिल करना, प्रचार पाना और इलाके में दबदबा कायम करना चाहता था, साथ ही वित्तदाताओं पर दबाव डालना भी उसकी मंशा थी।”

आगे की जांच के बाद शूटर कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया, जो इलाके का एक कुख्यात अपराधी है। उसने साजिश के तहत गोलीबारी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस, अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश