जयपुर, 17 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में शुक्रवार सुबह चार-वर्षीय एक बच्ची की उसकी मां ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में अपनी कलाई काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना राजगढ़ थाने के पुराने राजगढ़ इलाके में हुई।
पुलिस के अनुसार, बच्ची की पहचान गरिमा (चार) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया, ‘‘सुबह जब बच्ची के पिता संतोष ने उसे स्कूल भेजने के लिए कमरा खोला तो वह बेहोश मिली। उसे तुरंत राजगढ़ के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
पुलिस ने बताया कि संतोष की पत्नी शीला (25) भी कमरे में बेहोश मिली। उसे पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में अलवर के जिला अस्पताल भेज दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि महिला पिछले दो साल से मानसिक तनाव से जूझ रही थी और अक्सर अजीबोगरीब हरकतें करती थी। पुलिस ने यह भी कहा कि घटना के पीछे की असली वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है।
थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला के होश में आने के बाद उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि हत्या और आत्महत्या की कोशिश सहित सभी पहलुओं से मामले की जाँच की जा रही है।
भाषा पृथ्वी सुरेश
सुरेश