खराब मौसम के कारण बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा स्थगित
खराब मौसम के कारण बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा स्थगित
श्रीनगर, 31 जुलाई (भाषा) खराब मौसम और मार्ग की मरम्मत के काम के कारण बालटाल रास्ते से वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को स्थगित कर दी गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आवश्यक मरम्मत कार्य के कारण पहलगाम मार्ग से अमरनाथ यात्रा पहले ही स्थगित की जा चुकी है।
बृहस्पतिवार रात बालटाल क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिससे एक स्थान पर अचानक बाढ़ आने की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतिकूल मौसम और मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखते हुए बालटाल मार्ग से किसी भी श्रद्धालु को पवित्र गुफा मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर मरम्मत का काम जारी है।
वार्षिक अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हुई थी और अब तक लगभग 4.5 लाख श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से बने हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।
यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर समाप्त होगी।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


