नागौर में गोली लगने से घायल युवक को ले जा रही एम्बुलेंस पलटी, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

Ads

नागौर में गोली लगने से घायल युवक को ले जा रही एम्बुलेंस पलटी, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 12:27 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 12:27 PM IST

जयपुर, सात अगस्त (भाषा) राजस्थान के नागौर जिले में शुक्रवार को गोली लगने से घायल एक युवक को जोधपुर ले जा रही एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट जाने से मरीज की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा खींवसर गांव के पास हुआ।

उसने बताया कि नागौर जिले के सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव में कुछ लोग भोजन करने के लिए सड़क किनारे स्थित एक होटल पर पहुंचे थे। भोजन परोसने में हुई देरी को लेकर उनकी होटल संचालक रामकुमार उर्फ रामदास (40) से कहासुनी हो गई।

पुलिस ने बताया कि विवाद बढ़ने पर संदिग्ध युवकों में से एक ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर मूल रूप से बिहार के निवासी रामकुमार पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सदर थाना प्रभारी किताब देवी ने कहा, ‘‘स्थानीय लोग घायल रामकुमार को नागौर के अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया।’’

उन्होंने बताया कि जोधपुर ले जाते समय खींवसर गांव के पास चालक एम्बुलेंस पर से नियंत्रण खो बैठा और वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।

इस बीच पुलिस ने खरनाल स्थित होटल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी