Lightning Strike Jharkhand | Photo Credit: AI
रांची: Lightning Strike Jharkhand झारखंड के दो जिलों में एक दिन पहले आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मरने वाले चार लोगों में से तीन हजारीबाग जिले से थे और एक व्यक्ति चतरा जिले से था। उन्होंने बताया कि हजारीबाग में बृहस्पतिवार को कटकमसांडी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दंपत्ति की मौत हो गई।
Lightning Strike Jharkhand अधिकारी ने बताया कि उसी दिन बरकठा थाना क्षेत्र के चौथा गांव में एक और महिला की मौत हो गई। हजारीबाग के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) (मुख्यालय) ज्ञान रंजन ने बताया कि इस घटना में मारे गए दंपत्ति की पहचान वासुदेव महतो (51) और उनकी पत्नी दुलिया देवी (48) के तौर पर हुई है। यह घटना उस वक्त हुई जब वे धान के खेत में काम कर रहे थे।
बरकठा थाना के प्रभारी अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि चौथा गांव में मरने वाली महिला की पहचान बसवा देवी (50) के तौर पर हुई है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चतरा में पिपरवार थाना क्षेत्र में कल्याणपुर बाजार से हफुआ जाते समय बिजली गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पिपरवार थाना के प्रभारी अधिकारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि इस घटना में मारे गए युवक की पहचान हफुआ गांव के रहने वाले पवन कुमार महतो के तौर पर हुई है।