नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में ‘रेडियल-एक्सियल लेआउट’ से डिजाइन की गई एक उच्च सुरक्षा वाली जेल की आधारशिला रखी।
अधिकारियों ने कहा कि इस जेल में 250 कैदियों को रखा जा सकेगा और इसके दो साल में पूरा होने की उम्मीद है। शाह ने डिजिटल माध्यम से इसका उद्घाटन किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि इस जेल में एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, बॉडी-वॉर्न (शरीर पर लगाए जाने वाले) कैमरे, बायोमेट्रिक एक्सेस कंट्रोल, ऑटोमेटेड लॉकिंग सिस्टम, फुल बॉडी स्कैनर, एक्स-रे बैगेज स्कैनर, मोबाइल सिग्नल जैमर, वीडियो कॉन्फ्रेंस सुविधा, जेल के अंदर ही अदालत परिसर, सुरंग रोधी तकनीक और अत्याधुनिक कमान एवं नियंत्रण केंद्र सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसमें कहा गया है कि यह परियोजना देश की सबसे आधुनिक एवं प्रौद्योगिकी आधारित उच्च सुरक्षा जेलों में शामिल होगी, जो राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
बयान के मुताबिक, इस परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये का वित्तपोषण केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा और शेष राशि दिल्ली सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।
बयान में कहा गया है कि यह उच्च सुरक्षा वाली जेल पारंपरिक जेल व्यवस्था से अलग, अत्याधुनिक तकनीक और वैश्विक सुरक्षा मानकों पर आधारित होगी।
बयान के अनुसार, इसका ‘रेडियल-एक्सियल डिजाइन’ एक केंद्रीय नियंत्रण बिंदु से प्रत्येक शाखा की निगरानी सुनिश्चित करेगा, जबकि प्रत्येक कैदी के लिए अलग-अलग सेल की व्यवस्था होगी, जिससे किसी भी प्रकार के आपसी संपर्क, गैंग नेटवर्किंग या सुरक्षा जोखिम की संभावना न्यूनतम रहेगी।
भाषा नोमान
नोमान सुरेश
सुरेश