नयी दिल्ली, 27 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा एक बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आ सके। शाह, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित कुछ राज्यों में पार्टी को आगे ले जाने की रणनीति का नेतृत्व कर रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि शाह हैदराबाद में होने वाली पार्टी के कोर समूह की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में राज्य के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। बाद में शाह पूरे तेलंगाना के पार्टी के मंडल अध्यक्षों से बातचीत करेंगे। शाह भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा भी करेंगे।
पार्टी के एक मुख्य रणनीतिकार और भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के साथ मंगलवार को पश्चिम बंगाल गए थे, जहां उन्होंने संगठनात्मक बैठकें की और तृणमूल कांग्रेस शासित राज्य में 42 लोकसभा सीटों में से 35 पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा। भाजपा ने 2019 में 18 लोकसभा सीटें जीती थीं।
भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में तेलंगाना की 17 सीटों में से चार पर जीत दर्ज की थी और एक बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की उम्मीद जगाई थी लेकिन हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत से उसकी उम्मीदों को धक्का लगा है।
भाजपा को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्र को जोड़ने की अपील के साथ पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में तेलंगाना में एक बड़ी शक्ति के रूप में उभरेगी।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा