अमृत ​​उद्यान मंगलवार से आमजन के लिए खुलेगा: राष्ट्रपति भवन

Ads

अमृत ​​उद्यान मंगलवार से आमजन के लिए खुलेगा: राष्ट्रपति भवन

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 01:21 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 01:21 PM IST

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अमृत उद्यान के ‘शीतकालीन वार्षिक संस्करण 2026’ का रविवार को उद्घाटन किया और इसके साथ ही यह उद्यान मंगलवार से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

राष्ट्रपति कार्यालय के बयान में कहा गया कि लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे के बीच (अंतिम प्रवेश शाम पांच बजे) उद्यान में जा सकेंगे। यह रखरखाव के लिए सोमवार को और होली के कारण चार मार्च को बंद रहेगा।

इसमें कहा गया, ‘‘आम लोग राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान देखने के लिए तीन फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आ सकेंगे।’’

हालांकि, इस बार मौके पर बुकिंग की सुविधा नहीं होगी। आगंतुक केवल ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे। उद्यान के लिए बुकिंग और प्रवेश निःशुल्क है।

बयान में कहा गया, ‘‘…आगंतुकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने ‘स्लॉट’ (समय) पहले से ऑनलाइन बुक कर लें। उन्हें टिकट में उल्लेखित समयसीमा और अन्य निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी जाती है।’’

इसमें कहा गया कि राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित उद्यान परिसर विशेष श्रेणियों के लिए तीन मार्च (रक्षा कर्मियों के लिए), पांच मार्च (वरिष्ठ नागरिकों के लिए), 10 मार्च (महिलाओं और जनजातीय महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के लिए) और 13 मार्च को (दिव्यांगजन के लिए) खुलेगा।

किसी विशेष दिन के लिए बुकिंग की सुविधा इससे पहले के दिन पूर्वाह्न 10 बजे बंद हो जाएगी।

सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति एस्टेट के गेट नंबर-35 से होगा।

आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट संख्या-35 तक हर 30 मिनट पर सुबह साढ़े नौ बजे से शाम छह बजे के बीच शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी।

केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अंतिम शटल बस सेवा शाम चार बजे उपलब्ध होगी।

आगंतुकों के लिए मार्ग बाल वाटिका-प्लूमेरिया गार्डन-बैन्यन गार्डन-बोंसाई गार्डन-बैबलिंग ब्रुक-सेंट्रल लॉन-लॉन्ग गार्डन-सर्कुलर गार्डन होगा।

अमृत उद्यान में गुलाब की 145 किस्म हैं, जिनमें ‘भीम’, ‘अर्जुन’ और ‘मदर टेरेसा’ शामिल हैं।

आगंतुक मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स/हैंडबैग, पानी की बोतल और शिशुओं के लिए दूध की बोतल साथ ले जा सकेंगे।

सार्वजनिक मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार/चिकित्सकीय सुविधाओं की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

अमृत उद्यान के अलावा लोग सप्ताह में छह दिन (मंगलवार से रविवार) राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय भी देख सकेंगे। वे प्रत्येक शनिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होने वाला ‘चेंज-ऑफ-गार्ड’ समारोह भी देख सकेंगे।

भाषा

सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल