अमृतसर, 18 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की शुक्रवार तड़के यहां भगतांवाला अनाज मंडी में दो अज्ञात बाइक सवार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना तड़के करीब तीन बजे हुई, जब पीसीआर ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह को दो बाइक सवार हमलावरों ने बेहद नजदीक से कई गोलियां मारीं।
पुलिस के अनुसार, इससे कुछ घंटे पहले बृहस्पतिवार रात इस्लामाबाद नगर इलाके में बाइक सवार दो लोगों ने एक व्यक्ति की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही मामलों में आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
तरनतारन जिले के रहने वाले एएसआई सिंह को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह हत्या मई में हुई ऐसी ही एक घटना के बाद हुई है, जब हथियारबंद हमलावरों ने अमृतसर जिले के हमजा गांव के पास पंजाब पुलिस के एक एएसआई को गोली मार दी थी।
इस्लामाबाद नगर की घटना में मृतक की पहचान साहिलप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे, तभी बाइक सवार लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं।
अनाज मंडी में हुई हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में एएसआई के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अमृतसर जिले के हमारे बहादुर पुलिस अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपने जीवन का बलिदान कर दिया। पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।”
प्रदेश के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एएसआई के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
भाषा रंजन वैभव
वैभव