आंध्र प्रदेश: बिजली के तार के संपर्क में आने से राज्य परिवहन की बस में आग लगी

Ads

आंध्र प्रदेश: बिजली के तार के संपर्क में आने से राज्य परिवहन की बस में आग लगी

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 08:23 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 08:23 PM IST

वीरागन्नागट्टुपल्ली (आंध्र प्रदेश), पांच अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में वेम्पल्ली–रायचोटी मुख्य मार्ग पर रविवार को राज्य परिवहन की बस के उच्च वोल्टेज वाले तार के संपर्क में आने से उसमें आग लग गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

यह घटना उस समय हुई जब बस कडप्पा से वेमपल्ली और तालुपुला होते हुए कदिरी जा रही थी।

पुलिवेंदुला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुरली नाइक ने बताया, “बस के उच्च वोल्टेज वाले तार के संपर्क में आने के बाद चिंगारी उठी, जिससे आग लग गई। चालक, परिचालक और सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।”

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिजली के तार के संपर्क में आने से उठी चिंगारियों ने तेजी से आग का रूप ले लिया, जिससे बस और बिजली लाइन को नुकसान पहुंचा।

इस मामले में सड़क निर्माण ठेकेदार, बिजली विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संभावित लापरवाही की आशंका जताई गई है।

पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में है।

भाषा राखी रंजन

रंजन