पत्तनमथिट्ठा (केरल), 18 जून (भाषा) पत्तनमथिट्ठा के गावी वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव पाये जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूझियार निवासी 32 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव सुबह गावी के मीनार में पाया गया। गावी एक वन क्षेत्र है जहां बहुत कम लोग रहते हैं।
शव पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने मूझियार पुलिस को सूचना दी।
अधिकारियों ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि मृतका के कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर चोट के निशान थे जिससे उन्हें किसी गड़बड़ी का संदेह है।
प्रारंभिक जांच के लिए पत्तनमथिट्ठा से एक फोरेंसिक टीम जल्द ही मौके पर पहुंचेगी।
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की और नजदीकी पुलिस थानों को सतर्क किया।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में अपराह्न तक संदिग्ध को इडुक्की जिले के वंदीपेरियार के पास वल्लाकडावू से हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि महिला की हत्या की गई है या नहीं। शव का पोस्टमॉर्टम एक सरकारी अस्पताल में कराया जाएगा।
भाषा संतोष
संतोष