नशा विरोधी अभियान पंजाब के हर कोने तक पहुंचना चाहिए: नितिन नवीन

नशा विरोधी अभियान पंजाब के हर कोने तक पहुंचना चाहिए: नितिन नवीन

नशा विरोधी अभियान पंजाब के हर कोने तक पहुंचना चाहिए: नितिन नवीन
Modified Date: September 18, 2026 / 04:08 pm IST
Published Date: September 18, 2026 4:08 pm IST

पठानकोट, 18 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब को नशे के अभिशाप से मुक्त करना होगा और नशा विरोधी अभियान को राज्य के हर कोने तक पहुंचाया जाना चाहिए।

पठानकोट में भाजपा अध्यक्ष ने एकता स्थल से राज्यव्यापी नशा विरोधी चार यात्राओं में से पहली यात्रा को रवाना किया।

दूसरी यात्रा 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी, जबकि तीसरी यात्रा 20 सितंबर को फाजिल्का और चौथी यात्रा 21 सितंबर को बठिंडा के तलवंडी साबो से शुरू होगी।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि 13 दिन चलने वाली ये चारों यात्राएं पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और खासकर युवाओं में नशे के खतरे के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगी।

चारों यात्राओं के समापन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर में एक रैली को संबोधित करेंगे।

एक जनसभा को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा, ‘‘मैं पटना से एक संदेश लेकर आया हूं-हमें इस नशा विरोधी अभियान को राज्य के हर कोने तक पहुंचाना है। हमें पंजाब को नशा मुक्त बनाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज हम एक ऐसे दुश्मन का सामना कर रहे हैं, जो चुपचाप हमारे गांवों और घरों में प्रवेश करता है और धीरे-धीरे पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लेता है। यह दुश्मन नशा है और हमें इस अभिशाप को खत्म करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां केवल यात्रा को रवाना करने नहीं आया हूं, बल्कि इस संकल्प के साथ नशे के खिलाफ लड़ाई शुरू करने आया हूं कि हम इस समस्या को जड़ से खत्म करेंगे।’’

नवीन ने भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह नशे की समस्या खत्म करने के लिए केवल ‘तारीख पर तारीख’ देती है, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं होता।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, सतीश पूनिया, तरुण चुग, सुनील जाखड़, मनप्रीत सिंह बादल, सौदान सिंह, राघव चड्ढा और इकबाल सिंह लालपुरा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा ने राज्य में नशे और ‘बिगड़ती’ कानून-व्यवस्था के मुद्दों को अपने चुनावी अभियान का आधार बनाने की योजना बनाई है।

भाषा संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में