अपनी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनावों में देरी पर चिंता जताई

Ads

अपनी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनावों में देरी पर चिंता जताई

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 08:19 PM IST

जम्मू, 25 मई (भाषा) अपनी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में हो रही देरी पर सोमवार को चिंता जताई। पार्टी ने कहा कि वह जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करने के लिए प्रशासन से बिना किसी और देरी के चुनाव कराने का आग्रह करती है।

अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी की अध्यक्षता में यहां आयोजित पार्टी की प्रांतीय स्तर की बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर में पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में देरी पर चिंता जताई गई।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में जम्मू-कश्मीर की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा की गई, जनता की समस्याओं और शिकायतों पर चर्चा हुई तथा संगठनात्मक मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।

बुखारी ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव तत्काल कराए जाने चाहिए, क्योंकि जनता इनका बेसब्री से इंतजार कर रही है।

बैठक के दौरान, पार्टी नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के लोगों के सामने मौजूद प्रमुख मुद्दों को हल करने में “विफल” रहने के लिए उमर अब्दुल्ला सरकार की आलोचना की।

नेताओं ने दावा किया कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे अब तक अधूरे हैं, जिनमें 200 यूनिट मुफ्त बिजली, मुफ्त रसोई गैस, अतिरिक्त राशन कोटा, युवाओं के लिए एक लाख नौकरियां और दैनिक वेतनभोगियों का नियमितीकरण शामिल है।

बैठक में अपनी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने जिला स्तर के कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क कार्यक्रम तेज करने और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के साथ निकट संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

भाषा सुमित पारुल

पारुल