सेना ने गुरदासपुर से जम्मू तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से 1,000 फंसे हुए लोगों को निकाला: जीओसी

Ads

सेना ने गुरदासपुर से जम्मू तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से 1,000 फंसे हुए लोगों को निकाला: जीओसी

  •  
  • Publish Date - August 29, 2025 / 09:30 PM IST,
    Updated On - August 29, 2025 / 09:30 PM IST

जम्मू, 29 अगस्त (भाषा) टाइगर डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), मेजर जनरल मुकेश भानवाला ने शुक्रवार को कहा कि सेना ने जम्मू-गुरदासपुर क्षेत्र में नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर चलाए गए बचाव और राहत अभियानों के दौरान बच्चों, छात्रों और अर्धसैनिक बलों के जवानों सहित लगभग 1,000 फंसे हुए लोगों को बचाया है।

मेजर जनरल भानवाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण जम्मू, सांबा, कठुआ, पठानकोट और गुरदासपुर में भीषण बाढ़ आई, जिससे बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ और हमारे लोग प्रभावित हुए। भारतीय सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान शुरू किया।’’

बचाव अभियान की निगरानी कर रहे जीओसी ने कहा कि 26 अगस्त से, राइजिंग स्टार कोर के भारतीय सेना के जवानों ने सेना और वायु सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से कई बचाव अभियानों में बाढ़ के पानी और प्रतिकूल मौसम का डटकर सामना किया।

उन्होंने कहा, ‘‘सेना ने आवश्यक उपकरणों के साथ आवश्यक संख्या में टुकड़ियों को सक्रिय रूप से तैनात किया और बच्चों, छात्रों और अर्धसैनिक बलों के जवानों सहित लगभग 1,000 फंसे हुए लोगों को बचाया। वैकल्पिक ऑप्टिकल फाइबर केबल लाइन तेजी से बिछाकर जम्मू और श्रीनगर के लिए महत्वपूर्ण संचार संपर्क बहाल किया।’’

उन्होंने बताया कि बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को आवश्यक चिकित्सा सहायता, भोजन और राहत सामग्री प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि बाढ़ ने चौथे तवी पुल के पूर्वी हिस्से को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया, जो जम्मू में आवाजाही के लिहाज से जीवनरेखा है।

उन्होंने बताया कि मरम्मत में समय लगने की संभावना के कारण टाइगर डिवीजन के अभियंताओं ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में 110 फुट लंबा ‘बेली पुल’ बनाया।

उन्होंने कहा कि पुल 12 घंटे से भी कम समय में बनकर तैयार हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही संभव हो गई।

भाषा

संतोष माधव

माधव