राजौरी/जम्मू, 18 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद सेना के जवानों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजौरी के तारकुंडी अग्रिम क्षेत्र में छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू हुई, जो लगभग डेढ़ घंटे तक जारी रही। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात जवानों को संदिग्ध आतंकी गतिविधि नजर आई, जिसके बाद सेना ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में सीमा पार से भी छोटे हथियारों से जवाबी गोलीबारी की गयी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह यह पता लगाने के लिए तलाश अभियान शुरू किया गया कि कोई घुसपैठिया तो इलाके में मौजूद नहीं है। साथ ही पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
भाषा गोला शोभना
शोभना