जम्मू-कश्मीर में लगभग 13,000 शिक्षकों के पद रिक्त हैं: शिक्षा मंत्री

Ads

जम्मू-कश्मीर में लगभग 13,000 शिक्षकों के पद रिक्त हैं: शिक्षा मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 05:46 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 05:46 PM IST

जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने बृहस्पतिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में शिक्षकों के 12,977 पद रिक्त हैं और स्कूल शिक्षा विभाग ने 2024 के बाद से किसी भी स्कूल का उन्नयन नहीं किया है।

विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शक्ति राज परिहार द्वारा पूछे गए एक तारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा कि जम्मू मंडल में 7,985 और कश्मीर मंडल में शिक्षकों के 4,992 पद रिक्त हैं।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, जम्मू मंडल में राजौरी (1,416), कठुआ (1,332), जम्मू (1,234) और पुंछ (946) उन जिलों में शामिल हैं जहां सबसे अधिक रिक्तियां हैं, जबकि कश्मीर मंडल में अनंतनाग (1,016), बडगाम (797), पुलवामा (764) और कुपवाड़ा (621) में सबसे अधिक रिक्तियां हैं।

शिक्षकों की पदोन्नति संबंधी रिक्तियों के बारे में इटू ने कहा कि कश्मीर मंडल में 1,722 पद और जम्मू मंडल में 224 पद रिक्त हैं।

इटू ने कहा कि सभी पदोन्नति संबंधी रिक्तियों को मंडलस्तरीय विभागीय पदोन्नति समितियों (डीपीसी) के माध्यम से नियमों के अनुसार भरा जा रहा है।

वहीं, एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि नवंबर 2024 के बाद से किसी भी माध्यमिक, उच्च माध्यमिक या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का उन्नयन नहीं किया गया है।

इटू ने कहा, “डोडा जिले के पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में स्कूलों को उन्नत सुविधाओं से लैस करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।”

उन्होंने कहा कि स्कूलों को उन्नत करने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास और शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों का सृजन आवश्यक है, जिसमें वित्तीय खर्च शामिल है और इसके लिए वित्त विभाग की सहमति आवश्यक है।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल