अभिषेक बनर्जी के करीबी के खिलाफ जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी

Ads

अभिषेक बनर्जी के करीबी के खिलाफ जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 02:02 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 02:02 PM IST

कोलकाता, 15 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले की एक अदालत ने तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय के खिलाफ एक भूमि घोटाले के मामले में सोमवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अदालत की ओर से वारंट जांचकर्ताओं की इस दलील के बाद जारी किया गया कि बार-बार कोशिशों के बावजूद राय का पता नहीं चल पा रहा है।

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पिछले कई दिन से कई टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। चूंकि उसका पता नहीं चल सका और वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है, इसलिए हमने अदालत में गिरफ्तारी वारंट के लिए अनुरोध किया। अदालत ने हमारी अर्जी मंजूर कर ली।’’

राय ने सोमवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करते हुए अग्रिम जमानत का अनुरोध किया। उनके वकील ने न्यायमूर्ति जॉय सेनगुप्ता की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया और इस अर्जी पर इस सप्ताह के अंत में सुनवाई हो सकती है।

पुलिस साल्बोनी थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में राय की तलाश कर रही है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि राय का नाम भूमि घोटाले के मामले में पहले गिरफ्तार किए गए पूर्व मेदिनीपुर विधायक सुजॉय हाजरा से पूछताछ के दौरान सामने आया।

तलाश अभियान के तहत साल्बोनी थाने की एक टीम शनिवार को केंद्रीय बलों के साथ कालीघाट स्थित बनर्जी के आवास पर पहुंची। जांचकर्ताओं को उस इलाके से राय के मोबाइल फोन की अंतिम ज्ञात ‘टावर लोकेशन’ मिली थी और कई घंटे इंतजार के बाद परिसर की तलाशी ली गई।

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कई स्थानों पर तलाशी ली गई, लेकिन आरोपी नहीं मिला।’’

उसी दिन पुलिस ने हुगली जिले के श्रीरामपुर में राय के ससुराल में भी छापे मारे, लेकिन वहां से भी कोई सफलता नहीं मिली।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा