हैदराबाद, 15 जून (भाषा) हैदराबाद में एक फिल्म कास्टिंग एजेंट के खिलाफ एक अभिनेत्री से कथित दुर्व्यवहार के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह कथित घटना इसी साल जनवरी की है और 26 वर्षीय अभिनेत्री ने 12 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फिल्म के लिए जूनियर कलाकार जुटाने वाले इस कास्टिंग एजेंट ने महिला को एक फिल्म में भूमिका दिलाई थी और उस फिल्म की शूटिंग पिछले साल पूरी हो गई, लेकिन उसने कथित तौर पर महिला को 90,000 रुपये का मेहनताना नहीं दिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उसे रकम चुकाने के बहाने एक जगह बुलाया, लेकिन कार में उससे ‘‘दुर्व्यवहार’’ किया।
शिकायत के आधार पर बंजारा हिल्स थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या आरोपी को हिरासत में लिया गया है, तो उन्होंने कहा, ‘‘हम उसे तलब करेंगे।’’
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा